मुंबई। फिल्ममेकर आर्यन खान इन दिनों अपनी उपलब्धियों और बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्हें ‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ के कवर पेज पर जगह मिली है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान आर्यन से पिता और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से होने वाली तुलना को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि शाहरुख जैसे बड़े कलाकार से तुलना होना उनके लिए गर्व और तारीफ की बात है।
आर्यन खान ने कहा कि शाहरुख खान की तुलना कई लोगों से की गई है और अगर उनका नाम भी इस सूची में शामिल है, तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने अपने पिता को नंबर-1 इंसान बताते हुए कहा कि उनसे तुलना होना अपने आप में सम्मान की बात है। आर्यन के मुताबिक, शाहरुख खान की शख्सियत सबसे अलग है और उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।
इंटरव्यू में आर्यन ने सलमान खान से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। सलमान ने आर्यन की सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में कैमियो किया था। आर्यन ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सलमान उसी लोकेशन पर मौजूद हैं। उन्होंने सलमान की टीम को संदेश भेजकर पूछा कि क्या वह उनसे मिलने आ सकते हैं, लेकिन सलमान ने खुद उनके सेट पर आने की इच्छा जताई। इसके बाद आर्यन ने अपने सिनेमैटोग्राफर को तैयार रहने के लिए कहा। सलमान के सेट पर पहुंचते ही उन्हें डायलॉग दिए गए और उनका कैमियो शूट कर लिया गया।
‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ के कवर पर आर्यन खान के साथ अभिनेत्री आलिया भट्ट, पायल कपाड़िया और थेजा रियो को भी जगह मिली है। इस सूची में दिलजीत दोसांझ, अनिरुद्ध रविचंदर, सामंथा रुथ प्रभु, साई पल्लवी, विक्की कौशल और वैभव सूर्यवंशी जैसे नाम भी शामिल हैं। वहीं, शाहरुख खान ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बनाई है। उन्हें ऑल टाइम 100 ग्रेटेस्ट सुपरस्टार्स की सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में जगह पाने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता बताए गए हैं।
