स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के आश्वासन पर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का आंदोलन स्थगित

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ विभिन्न मांगों को लेकर हुई बातचीत के बाद अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित कर दिया है। हालांकि संघ ने ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस सहित लंबित मांगों पर निर्णय लेने के लिए राज्य सरकार को एक महीने का समय दिया है। संघ के अनुसार अनिश्चितकालीन आंदोलन के दूसरे दिन गुरुवार रात स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया। बैठक में नर्सिंग कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से बातचीत हुई।

CG Weather: चक्रवात का असर: रायपुर समेत 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री की ओर से मांगों के निराकरण का आश्वासन मिलने के बाद संघ ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का फैसला किया। एसोसिएशन ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1,000 स्टाफ नर्सों की नई भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस भर्ती की घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी। भर्ती प्रक्रिया में पहले से कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को उनके अनुभव के आधार पर प्राथमिकता देने अथवा अतिरिक्त बोनस अंक प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के 10 हजार रुपये के वेतन में वृद्धि के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का भी भरोसा दिलाया गया है।

देवउठनी एकादशी पर अपनों को भेजें शुभकामना संदेश

संघ के मुताबिक, इन आश्वासनों के बाद संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। एसोसिएशन ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसाओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेजा जा चुका है। संघ को उम्मीद है कि इस प्रस्ताव पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस बीच एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और वर्दी भत्ता से संबंधित मांगों पर आदेश जारी करने के लिए सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम दिया गया है। निर्धारित अवधि के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में संघ आगे की रणनीति तय करेगा।