रामानुजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रामानुजगंज नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। नगर के सभी शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। मुख्य समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित हुआ, जहां नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके त्याग और देशप्रेम को याद रखना हम सभी का कर्तव्य है।
अपने संबोधन में उन्होंने रामानुजगंज के विकास को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं क्षेत्रीय विधायक तथा कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व वाली सरकार ने रामानुजगंज को नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा दिया है। नगर पालिका बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और नगरवासियों की जरूरतों एवं भावनाओं के अनुरूप विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में रामानुजगंज को अधिक व्यवस्थित और विकसित नगर बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।
समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में नगर के सभी 15 वार्डों के पार्षद, एल्डरमैन, गणमान्य नागरिक, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे दिन रामानुजगंज में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
