मुंबई। टॉम हॉलैंड और ज़ेंडया स्टारर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भारत में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई हुई है और दूसरे हफ्ते में भी इसकी कमाई का सिलसिला जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने 9वें दिन करीब 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद भारत में इसकी कुल नेट कमाई 349.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 418.23 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म को इंग्लिश, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है। इनमें इंग्लिश वर्जन सबसे ज्यादा कमाई कर रहा है, जबकि हिंदी वर्जन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। फिल्म की लगातार कमाई को देखते हुए इसके दूसरे वीकेंड में 400 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में टॉम हॉलैंड की परफॉर्मेंस और एक्शन सीक्वेंस को खास तौर पर पसंद किया जा रहा है। अब फिल्म की तुलना 2019 में रिलीज हुई ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ से भी होने लगी है, जिसने भारत में करीब 373 करोड़ रुपये नेट कमाए थे। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के इस आंकड़े को पार करने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली बड़ी फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ है, जिसके दिसंबर में बड़े पर्दे पर आने की उम्मीद है। ‘स्पाइडर-मैन’ की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद अब फैंस की नजर इस अगली बड़ी MCU रिलीज पर भी टिकी हुई है।
