बीजापुर। जिले की बेटियों रोशनी कुडियम और मधु कुडियम ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए बीजापुर का नाम रोशन किया है। अंबिकापुर में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका बैडमिंटन वर्ग में दोनों खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही दोनों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
साधारण परिवारों से आने वाली रोशनी और मधु ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। दोनों खिलाड़ी बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी इस सफलता से जिले की अन्य उभरती खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में प्रशिक्षकों के समर्पण और प्रशासन के सहयोग की भी अहम भूमिका रही है।
कलेक्टर विश्वदीप ने रोशनी और मधु को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर आदित्य कुमार कुंजाम, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडेय, सहायक खेल अधिकारी डी. सुबैया और बैडमिंटन प्रशिक्षक कमलेश्वरी निषाद उपस्थित रहे।
