बीजापुर। जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं। ये विस्फोटक सामग्री माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर थाना उसूर क्षेत्र के FOB ताड़ापाला और आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान FOB ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप तलाशी के दौरान 711 बीजीएल सेल मिले। सुरक्षा बलों ने निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल जाने से बचने की अपील की है। क्षेत्र में बारूदी सुरंग (IED) और अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका के चलते खतरा बना हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को इस इलाके में प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है। पुलिस के अनुसार, आगामी कार्ययोजना के तहत क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान चलाकर बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय किया जाएगा।
