दिल्ली। दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई की है। लापरवाही के आरोप में AE और JE को निलंबित करने के साथ ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित गली सितारा में निर्माणाधीन इमारत ढहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संबंधित सहायक अभियंता (AE) मोहम्मद नदीम और कनिष्ठ अभियंता (JE) अमन दलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
50 वर्ग मीटर के प्लॉट पर हो रहा था निर्माण
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ढही हुई इमारत करीब 50 वर्ग मीटर के प्लॉट पर बनाई जा रही थी। जांच में सामने आया है कि इस निर्माण को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पास पहले कोई शिकायत दर्ज नहीं थी। निगम की ओर से भी निर्माण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। ऐसे में संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
राहत एवं बचाव अभियान में जुटीं कई एजेंसियां
हादसे के बाद घटनास्थल पर दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), एमसीडी, कैट्स और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ मलबे की जांच और बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
दो लोगों की मौत से इलाके में शोक
इमारत गिरने की घटना में दो लोगों की मौत के बाद चावड़ी बाजार इलाके में शोक का माहौल है। घटनास्थल पर मंत्री आशीष सूद और सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी स्थिति से जुड़ी जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के लिए नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
