धमतरी में अवैध पटाखों और शराब पर पुलिस का शिकंजा, 1.46 लाख रुपये का सामान जब्त; 3 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। दीपावली के त्योहारी सीजन में अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। पुलिस ने दो स्थानों पर दबिश देकर करीब 1 लाख 46 हजार 500 रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। वहीं, बिरेझर चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब बेचते एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई पहली कार्रवाई नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसिया में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में संचालित दुकान में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उदित नारायण सिन्हा के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई मगरलोड के भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में की गई। यहां पुलिस ने भानूप्रताप साहू (36) के कब्जे से एक कार्टून में रखे 16,500 रुपये मूल्य के विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

वहीं, तीसरी कार्रवाई बिरेझर चौकी क्षेत्र के ग्राम कंचना नाला पुल के पास हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20) को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 1,100 रुपये है, और बिक्री के 150 रुपये नकद जब्त किए गए। इस मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

तीनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 1 लाख 47 हजार 750 रुपये की संपत्ति जब्त की है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और खरीद-बिक्री नहीं करने तथा अवैध शराब सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।