रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 11 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। राजधानी रायपुर में भी मंगलवार को बारिश के आसार हैं। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शाम के समय कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
Read more:- सौरव गांगुली को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
मौसम विभाग ने मंगलवार को रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम खराब होने की संभावना जताई है। इन इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसके चलते इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलाव के पीछे मध्य प्रदेश के आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र और मानसून सिस्टम को प्रमुख कारण माना जा रहा है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई। भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में 5 सेंटीमीटर तक पानी दर्ज किया गया। कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर-भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनी पर नजर रखने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
