खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पीएम मोदी को न्योता, तेहरान में होगा बड़ा राजकीय आयोजन

Follow Us

तेहरान। ईरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है। यह आयोजन 4 से 9 जुलाई तक ईरान और इराक में कई चरणों में आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की ओर से भेजे गए निमंत्रण में कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, भारत की ओर से अभी इस निमंत्रण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राजकीय अंतिम संस्कार की शुरुआत 4 जुलाई को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम से होगी। इसके बाद तेहरान और क़ोम में सार्वजनिक कार्यक्रम होंगे, जबकि इराक के नजफ और कर्बला में धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। अंतिम कार्यक्रम 9 जुलाई को मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह में आयोजित होगा। अली खामेनेई के निधन के बाद भारत सरकार की ओर से शोक पुस्तिका में हस्ताक्षर किए गए थे। इससे पहले ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के निधन पर भारत ने राष्ट्रीय शोक घोषित किया था। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रधानमंत्री मोदी ईरान के इस महत्वपूर्ण राजकीय कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं।