फ्रांस में भीषण गर्मी का कहर, लू से 18 मौतें; गर्म कार में दो बच्चों की गई जान

Follow Us

पेरिस। यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। फ्रांस समेत कई देशों में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। फ्रांस में तेज लू के कारण अब तक 18 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जिसमें गर्म कार में फंसे दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। दक्षिण-पूर्वी फ्रांस में एक परिवार की कार अत्यधिक गर्म हो गई, जिसमें 2 और 4 साल के बच्चे बेहोशी की हालत में मिले। बाद में उनकी मौत हो गई। इस घटना ने गर्मी के खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, फ्रांस के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। बोर्डो में पारा 41.9 डिग्री, पोइटियर्स में 41.2 डिग्री और अन्य इलाकों में भी रिकॉर्ड गर्मी दर्ज की गई है। राजधानी पेरिस में भी तापमान 38 डिग्री से अधिक पहुंच गया है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है।

यूरोप के अन्य देश भी गर्मी से परेशान हैं। स्पेन, पुर्तगाल और इटली में भी अलर्ट जारी किए गए हैं। इटली ने कई शहरों में रेड अलर्ट घोषित किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यूरोप में बढ़ता तापमान जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को दिखा रहा है। प्रशासन लोगों से सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और तेज धूप से बचने की अपील कर रहा है।