मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 19 घायल; एक की हालत गंभीर, अस्पताल में मचा हड़कंप

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 19 मजदूर घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं। एक घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में करीब 30 मजदूर सवार थे। रास्ते में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद पिकअप पलट गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और उन्हें सूरजपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। कई मजदूरों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में वाहन की गति और चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।