एसएसपी विजय अग्रवाल ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर जाना कुशलक्षेम, कहा- शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा, हर परिस्थिति में साथ खड़ा रहेगा पुलिस विभाग
दुर्ग। दीपावली के अवसर पर दुर्ग पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के बीच पहुंचकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 37 अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें दीपावली की शुभकामना भेंट प्रदान की गई। इस दौरान परिजनों का हालचाल जानकर उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
इस पहल के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल स्वयं शहीद पुलिसकर्मियों के निवास पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शहीद आरक्षक आदेश के एसटीएफ कॉलोनी, सिंधिया नगर स्थित निवास, शहीद आरक्षक अवनी सिंह के नई पुलिस लाइन स्थित निवास तथा शहीद आरक्षक मनोज वर्मा के पांच बिल्डिंग स्थित निवास पहुंचकर परिजनों से भेंट की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान विजय अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए शहीद पुलिसकर्मियों ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके परिवारों का सम्मान और देखभाल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस विभाग शहीद परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है और उनके सुख-दुख में सहभागी रहेगा।
फैमिली कोर्ट के जज पर एफआईआर दर्ज करने के मामले में कार्रवाई, सरकंडा टी आई प्रदीप आर्य लाइन अटैच
जिले के शेष शहीद परिवारों तक भी पुलिस विभाग के अधिकारियों ने पहुंचकर शुभकामना भेंट प्रदान की। इसके लिए नगर पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई थी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
दुर्ग पुलिस की इस पहल का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को यह अहसास कराना था कि उनके परिजनों का बलिदान विभाग भूला नहीं है। शहीद परिवार पुलिस विभाग का अभिन्न अंग हैं और उनके सम्मान, सहयोग एवं कल्याण के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।
