धमतरी । जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगरी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8,455 रुपये नकद, ताशपत्ती, खडख़डिय़ा गोटी और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई पहली कार्रवाई ग्राम छिपली के कॉलेज चौक के पास हुई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे खडख़डिय़ा गोटी और हुकुम, ईंट, चिड़ी व पान के निशान वाले पंपलेट के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से छह खडख़डिय़ा गोटी, एक नीली टोकरी और 7,220 रुपये नकद जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 6(क) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में आसकरण बोरझरिया (44), शांतनु कुमार (37), सुरेंद्र कुमार (28) और रुस्तम नवरंग (26), सभी निवासी ग्राम छिपली शामिल हैं।
दूसरी कार्रवाई नगरी के डिहीपारा रंगमंच के पास की गई। यहां स्ट्रीट लाइट की रोशनी में 52 पत्ती ताश से कांट जुआ खेल रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से ताशपत्ती, प्लास्टिक की बोरी और 1,235 रुपये नकद जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 3(2) में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई में प्रदीप साहू (22), पुरंजय सोन (28), अरुण सोनी (52), तुलसीनारायण यादव (28), गितेश साहू (28), धनराज यादव (28) और तरुण सोनी (32), सभी निवासी नगरी वार्ड क्रमांक-1 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में कुल 11 आरोपी पकड़े गए और 8,455 रुपये नकद सहित जुआ खेलने की सामग्री जब्त की गई। धमतरी पुलिस ने आम लोगों से जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
