रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तुमीडीह इलाके में हुई चर्चित महिला वकील आराधना की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला वकील का प्रेमी लोकनाथ पटेल ही निकला, जिसे पुलिस ने सक्ती क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आरोपी पहले से शादीशुदा था और यह बात उसने अपनी प्रेमिका से छुपा कर रखी थी।
इस राज का पर्दाफाश तब हुआ जब मृतका आराधना ने आरोपी की वाट्सएप डीपी पर उसकी पत्नी की तस्वीर देख ली। इसके बाद से दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। आराधना खुद के वकील होने का हवाला देकर कानूनी कार्रवाई की बात कह रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। वारदात से एक दिन पहले वह आराधना को समझाने के बहाने सक्ती के एक होटल में ले गया, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो अगले दिन वह उसे तुमीडीह के जंगलों में ले गया। वहाँ आरोपी ने पहले गला दबाकर और फिर सिर पर पत्थर मारकर बेरहमी से उसकी जान ले ली।
इस हत्याकांड के बाद से पूरे जिले के वकीलों में भारी आक्रोश था, जिन्होंने न्याय की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में मौन जुलूस निकाला था और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया, जिसने कड़ाई से पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
