दिल्ली से मेरठ का सफर सिर्फ 36 मिनट में, 16 नवंबर से दौड़ेंगी नमो भारत की फास्ट ट्रेनें; इन 5 स्टेशनों पर ही होगा ठहराव

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) 16 नवंबर से इस रूट पर फास्ट ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलाई जाएंगी और केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। नई सेवा शुरू होने से आनंद विहार से मेरठ के बेगमपुल तक का सफर महज 36 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। वहीं, आनंद विहार से गाजियाबाद पहुंचने में सिर्फ आठ मिनट और गाजियाबाद से बेगमपुल तक पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे।

दोनों दिशाओं में चलेंगी आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें
NCRTC के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या और व्यस्त समय में सफर को तेज बनाने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की जा रही है। दोनों दिशाओं में प्रतिदिन आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। सुबह सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए दो-दो ट्रेनें सुबह 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी। इसी तरह शाम को दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रेनें शाम 6 बजे और 6:30 बजे चलाई जाएंगी।

इन पांच स्टेशनों पर ही रुकेंगी फास्ट ट्रेनें
नमो भारत की फास्ट ट्रेनों का ठहराव दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इनमें सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम शामिल हैं। सीमित स्टॉपेज होने से यात्रियों का समय बचेगा और वे कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। खासतौर पर दिल्ली और गाजियाबाद से मेरठ आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

नियमित नमो भारत सेवाओं पर नहीं पड़ेगा असर
NCRTC ने स्पष्ट किया है कि फास्ट ट्रेनों के संचालन से नियमित नमो भारत सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। पहले की तरह यात्रियों को हर 10 मिनट में नियमित ट्रेन उपलब्ध होती रहेंगी। फास्ट ट्रेनें इन सेवाओं के अतिरिक्त चलाई जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन में सवार होने से पहले स्टेशन पर लगे सूचना बोर्ड और प्लेटफॉर्म पर होने वाली उद्घोषणाओं पर ध्यान दें, ताकि वे फास्ट और नियमित ट्रेन के बीच अंतर समझ सकें।

रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे नमो भारत से सफर
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 1.1 लाख यात्री इस सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। कॉरिडोर पर अब तक कुल पांच करोड़ यात्री यात्राएं पूरी हो चुकी हैं। पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की गई हैं। ऐसे में फास्ट ट्रेनों की शुरुआत से यात्रियों को कम समय में सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।