रायगढ़। मध्य भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस की स्पेशल टीम ने छत्तीसगढ़ से लेकर गोवा तक फैले एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गोवा के आलीशान कैंडोलिम बीच पर स्थित एक किराए के विला में तड़के दबिश देकर मुख्य सरगना अमित मित्तल सहित छह बड़े सट्टा संचालकों को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए अन्य आरोपियों में मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल शामिल हैं, जो रायपुर और खरसिया के रहने वाले हैं।
यह हाईटेक गिरोह आईपीएल मैचों के दौरान करोड़ों रुपये का दांव लगा रहा था। पुलिस की भनक लगते ही आरोपियों ने लैपटॉप, हिसाब-किताब की डायरियाँ और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने मौके से 10 प्रीमियम स्मार्टफोन जब्त कर लिए। जांच में सामने आया कि, यह नेटवर्क दुबई से महादेव ऐप की तर्ज पर ‘ऑल पैनल एक्सचेंज’ और ‘ताज 777’ जैसी बेटिंग आईडी लेता था। मैच के लाइव प्रसारण से 7 सेकंड पहले का एडवांटेज लेने के लिए ये सटोरिये खास एपीके ऐप्स का इस्तेमाल करते थे और ज़ूम ऐप के जरिए पल-पल का भाव नीचे के खाईवालों को पास करते थे।
इस रैकेट का सबसे चौंकाने वाला पहलू इनका ‘हवाला नेटवर्क’ है। पैसों का लेनदेन बैंकों के बजाय सीरियल नंबर वाले करेंसी नोटों की तस्वीरें साझा कर किया जाता था। पुलिस को आरोपियों के फोन से एक ही आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजैक्शन के पुख्ता सबूत मिले हैं। इससे पहले की कार्रवाई में भी पुलिस एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त कर चुकी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और फिलहाल पुलिस इन्हें कस्टडी में लेकर इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के बाकी मददगारों की तलाश में जुट गई है।
