रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है। पीएम स्वनिधि योजना ने छोटे कारोबारियों को आर्थिक मदद देकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। वे राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वनिधि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने पथ विक्रेताओं से सीधे बातचीत की और उनके व्यवसाय, परिवार तथा योजना से मिले लाभों की जानकारी ली। इस दौरान लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया गया।
अरुण साव ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान छोटे कारोबारियों के सामने रोजगार और परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू कर उन्हें आर्थिक सहारा दिया। इस योजना से रेहड़ी-पटरी लगाने वाले लोग साहूकारों पर निर्भर रहने के बजाय बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर अपना कारोबार बढ़ा रहे हैं। उन्होंने पथ विक्रेताओं से अपने काम को छोटा नहीं समझने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण लेने और अपने कारोबार का विस्तार करने का लक्ष्य रखना चाहिए।
कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि योजना के तहत बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर किस्त चुकाने वाले लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है। वहीं महापौर मीनल चौबे ने बताया कि रायपुर नगर निगम ने वर्ष 2030 तक 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 33 हजार से अधिक पथ विक्रेता योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 1 लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से अधिक से अधिक जरूरतमंद कारोबारियों तक योजना का लाभ पहुंचाने की अपील की। महोत्सव में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान की जानकारी देने के साथ फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और पथ विक्रेता मौजूद रहे।

