राजनांदगांव । डोंगरगढ़ क्षेत्र के माड़ीतराई गांव में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कृषि, राजस्व और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त छापेमारी कर एक गोदाम से करीब 2300 बोरी खाद जब्त की और उसे तुरंत सील कर दिया। यह कार्रवाई राजनांदगांव जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर की गई। जांच के दौरान अधिकारियों को गोदाम में भारी मात्रा में खाद का स्टॉक मिला, जिसके वैध दस्तावेज और लाइसेंस की पड़ताल शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में खाद के भंडारण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि, यह स्टॉक किस उद्देश्य से रखा गया था और क्या इसके लिए उचित अनुमति ली गई थी या नहीं। मौके पर स्टॉक रजिस्टर, परिवहन दस्तावेज और संबंधित रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि, यह खाद पूर्व सरपंच के परिवार से जुड़ा है और उनके नाम पहले भी अवैध रेत और मुरुम से जुड़े मामलों में सामने आ चुके हैं। फिलहाल प्रशासन ने गोदाम को सील कर आगे की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि, दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि, यह मामला सिर्फ भंडारण का है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

