रायपुर कोर्ट परिसर में पुलिस का सख्त एक्शन: चाकू लेकर घूम रहे 2 युवक गिरफ्तार, 8 संदिग्धों पर भी गिरी गाज

Follow Us

रायपुर। प्रदेश के राजधानी रायपुर न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को पुलिस ने अचानक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। डीसीपी सेंट्रल जोन एवं क्राइम के निर्देश पर और न्यायालय की अनुमति के बाद यह विशेष कार्रवाई की गई, जिसमें भारी पुलिस बल तैनात रहा। अभियान में मध्य जोन के विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी, एसीसीयू, पुलिस लाइन के 100 से अधिक जवान और बीडीएस टीम शामिल रही। पूरे परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की गहन तलाशी ली गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे और उपद्रव की आशंका वाले 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

इन सभी को थाना सिविल लाइन में कार्रवाई के बाद एसीपी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसके अलावा अभियान में दो युवकों को अवैध चाकू के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक सोनी और विनोद सारथी के रूप में हुई है। दोनों के पास से एक-एक चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, न्यायालय परिसर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए इस तरह के आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।