पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी पटना में प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दानापुर से दीदारगंज तक गंगा किनारे 90 घाटों और पांच अस्थायी तालाबों में अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। वहीं, नगर निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को भी तैयार किया है। इससे श्रद्धालु अपने घरों के आसपास ही छठ पूजा कर सकेंगे।
दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर हजारों वाहनों की पार्किंग
प्रशासन के अनुसार, दीघा और आसपास के गंगा घाटों पर सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए दीघा घाट पर करीब 7 हजार वाहनों और कलेक्ट्रेट घाट पर 2500 वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है। दीघा में पार्किंग स्थल घाट से लगभग 500 मीटर पहले बनाया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दीघा घाट पर 87 और कलेक्ट्रेट घाट पर 40 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा दीघा में 79 शौचालय और 71 यूरिनल, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर 60 शौचालय और 60 यूरिनल की व्यवस्था की गई है। दोनों घाटों पर पेयजल, यात्री शेड, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मी
छठ पर्व के दौरान भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 मजिस्ट्रेट, 500 पुलिस पदाधिकारी और 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर और नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। दीघा घाट पर 26 वॉच टावर और 14 नियंत्रण कक्ष, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर 17 वॉच टावर और आठ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी। नावों के संचालन पर निगरानी रखी जाएगी और अंतिम श्रद्धालु के घाट से लौटने तक सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी।
बच्चों की सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
भीड़ के दौरान बच्चों के गुम होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अभिभावकों से उनके कपड़ों पर बच्चे का नाम, माता-पिता का नाम और मोबाइल नंबर लिखने की अपील की है। इससे बिछड़ने की स्थिति में बच्चों को परिवार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।वहीं, बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग की टीमें तारों और अस्थायी कनेक्शनों की जांच करेंगी। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
दीघा, कलेक्ट्रेट और अन्य घाटों के लिए अलग-अलग रूट
श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग घाटों के लिए मार्ग निर्धारित किए हैं। दीघा घाट जाने वाले बड़े वाहनों को अशोक राजपथ से जेपी गंगा पथ के रास्ते भेजा जाएगा। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने के बाद श्रद्धालुओं को पैदल घाट तक जाना होगा।कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट जाने वाले लोग गांधी मैदान में वाहन पार्क कर आगे पैदल जा सकेंगे। इसके अलावा दीघा बाजार स्थित अटल पथ फ्लाईओवर के नीचे और पोस्ट ऑफिस रोड सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर भी पार्किंग की सुविधा रहेगी। भद्रघाट, गायघाट, कंगन घाट, चौक थाना मोड़ और दीदारगंज घाट के लिए भी अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं।
100 से अधिक स्थानों पर घर के पास मिलेगा अर्घ्य देने का विकल्प
गंगा घाटों पर भीड़ कम करने के लिए पटना नगर निगम ने शहर के छह अंचलों में विशेष व्यवस्था की है। नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, बांकीपुर, कंकड़बाग, अजीमाबाद और पटना सिटी में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा की तैयारियां की गई हैं।इन चिह्नित स्थानों के तालाबों में गंगाजल मिलाया जा रहा है। इसके लिए सभी अंचलों में 15 से अधिक वाटर टैंकर लगाए गए हैं। टैंकरों के माध्यम से तालाबों में गंगाजल पहुंचाने के साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों और मोहल्लों में श्रद्धालुओं को मुफ्त गंगाजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
15 से 20 मिनट तक अलग-अलग इलाकों में रुकेंगे टैंकर
नगर निगम के मुताबिक, गंगाजल वितरण के लिए टैंकरों को अलग-अलग क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर 15 से 20 मिनट तक रोका जा रहा है। इससे श्रद्धालु अपने घर के नजदीक ही गंगाजल प्राप्त कर सकेंगे।इस बार पटना में छठ पूजा को लेकर गंगा घाटों से लेकर मोहल्लों के तालाबों तक व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और नगर निगम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
