सूरत। गुजरात के सूरत जिले के खरवासा इलाके में शनिवार को कपड़ों के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घटनास्थल से दूर तक काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अहमदाबाद के प्लांट में आग से एक की मौत
वहीं, गुजरात में आग लगने की एक अन्य घटना में बावला-अहमदाबाद रोड स्थित लीमैक कंपनी के प्लांट में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने 7 नवंबर को इसकी जानकारी दी थी।अधिकारियों के मुताबिक, आग कथित तौर पर प्लांट की तीसरी मंजिल से शुरू हुई थी, जहां चॉकलेट का उत्पादन किया जाता है। घटना की सूचना मिलने के बाद साणंद, बावला और अहमदाबाद से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे तक लगातार पानी की बौछारें कर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।फिलहाल सूरत के कपड़ा गोदाम में लगी आग के कारणों और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।
