रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खराब और संदिग्ध खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लालपुर स्थित थोक फल बाजार में विभागीय टीम ने सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान विभिन्न फलों के नमूने लिए गए, वहीं करीब 40 किलो सड़े-गले फल मौके पर ही नष्ट करा दिए गए।

यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल और कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान बाजार में बिक रहे फलों की गुणवत्ता, स्वच्छता और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तरबूज, अनार, आम और मौसंबी समेत कुल पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बाजार में बड़ी मात्रा में खराब और सड़े हुए फल मिले, जिन्हें उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा मानते हुए तत्काल नष्ट कराया गया। विभाग ने साफ किया है कि खाद्य गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय सतर्क रहें और किसी भी खराब या संदिग्ध खाद्य पदार्थ की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
