कवर्धा के मुख्य बाजार में बड़ा हादसा: कपड़ा दुकान बनी आग का गोला, तीन मंजिला इमारत जलकर राख

Follow Us

कवर्धा। शहर के व्यस्त मुख्य बाजार में सोमवार रात अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि तीन मंजिला पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। दुकान से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान बाहर निकालने का भी मौका नहीं मिल सका। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दुकान संचालक, पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह खाक हो चुका था। आग में कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

दुकान संचालक नदीम अंसारी ने बताया कि, वह रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। कुछ देर बाद फोन पर आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर देखा कि पूरा प्रतिष्ठान आग की लपटों से घिरा हुआ था। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।