दुर्ग। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां खतरनाक बाइक स्टंट के आरोप में गिरफ्तार युवक ने पुलिस कार्रवाई के बाद भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक अंदाज में वीडियो पोस्ट कर दिया। आरोपी का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, भिलाई के सुपेला क्षेत्र में सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले युवराज सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी का स्टंट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। सुपेला पुलिस ने शनिवार को जारी प्रेस नोट में बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। लेकिन गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस वाहन के भीतर बैठकर एक और वीडियो बना लिया।
वायरल वीडियो में युवराज सोनी हाथ में लगी हथकड़ी दिखाते हुए नजर आ रहा है। उसने वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा, “आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल।” वीडियो में आरोपी हंसते हुए विक्ट्री साइन भी दिखा रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर कानून और पुलिस व्यवस्था का मजाक उड़ाने के रूप में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के करीब तीन घंटे बाद यह इंस्टाग्राम स्टोरी उसके अकाउंट से अपलोड की गई। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपराध का प्रदर्शन और कानून के प्रति बेखौफ रवैये को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
