बांध में बड़ा हादसा, 9 लोगों से भरी नाव पलटी; 3 ग्रामीण लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बतरा बांध में ग्रामीणों से भरी एक नाव अचानक पलट गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। नाव में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें से 6 ग्रामीणों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 3 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके की है। बताया जा रहा है कि, सोमवार रात कुछ ग्रामीण मछली पकड़ने के लिए बांध में गए थे। अंधेरा होने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और जिला आपदा राहत बल (DDRF) के जवान मौके पर पहुंचे और लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

प्रशासन की टीम पानी में लापता ग्रामीणों को खोजने में जुटी हुई है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और लापता लोगों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर जलाशयों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।