ओडिशा बॉर्डर पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुनगापदर गांव के एक युवक का शव ओडिशा सीमा क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुनगापदर निवासी 35 वर्षीय परमेश्वर मरकाम के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। बताया जा रहा है कि, परमेश्वर मरकाम बिन्द्रानवागढ़ के पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी के रिश्तेदार थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया है।

सूचना मिलने के बाद ओडिशा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की मौत से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि, पीएम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत हादसा थी या किसी आपराधिक साजिश का नतीजा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।