कोरबा। राज्य शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा में समीक्षा बैठक हुई। अभियान का उद्देश्य राज्य शासन की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 के संकल्प को लोगों तक पहुंचाना और शासन की विभिन्न योजनाओं व उपलब्धियों में जनभागीदारी बढ़ाना है। अभियान के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
नगर निगम कोरबा द्वारा 17 सितंबर को घंटाघर चौक स्थित तिरंगा झंडे के पास ‘आशीर्वाद का दीया’, भव्य रंगोली और 51 हजार दीप प्रज्वलन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही निगम के सातों जोन के सभी वार्डों, शासकीय कार्यालयों, भवनों, एसएलआरएम सेंटरों और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। अभियान के दौरान स्कूलों में चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिता, स्वच्छता शपथ, जोनवार समाधान शिविर, हेल्पलाइन डेस्क, श्रमदान, पूजा पंडालों की सफाई और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने साकेत स्थित निगम सभाकक्ष में अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई ठेकेदारों की बैठक लेकर स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड के गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन सहित अन्य क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। आयुक्त ने आम नागरिकों से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर डालें या डोर-टू-डोर पहुंचने वाली स्वच्छता दीदियों के सफाई रिक्शे में कचरा दें। बैठक में निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जोन कमिश्नर, अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक और सफाई ठेकेदार मौजूद रहे।
