भाटापारा। कमलाकांत शुक्ला इंस्टीट्यूट, देवरी रोड, भाटापारा में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। रामनारायण शिक्षण संस्था के अध्यक्ष मनीष शुक्ला एवं श्रीरामनारायण शिक्षण संस्थान की सचिव अंजली शुक्ला की गरिमा पूर्वक उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं छत्तीसगढ़ के राजगीत के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पंथी, कर्मा, सुवा, एवं राउत नाचा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक जीवन पर आधारित विभिन्न नाटकों का मंचन भी किया गया।
विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, आकर्षक प्रस्तुतियों एवं कलात्मक अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा राष्ट्रीय एकता दिवस को समर्पित रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ग्रहण की। सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं देशभक्ति की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने का एक सुंदर अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह, अनुशासन साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं व स्वयंसेवकों के सहयोग, सहभागिता से आयोजन सफल रहा। संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वंदना चैहान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
