कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर शराब दुकान के सामने स्थित बस्ती में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। परिवार तीजा पर्व मनाने रिश्तेदार के घर गया हुआ था, जबकि उनका बेटा नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने चोरी के दौरान पड़ोस के कुछ घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। सुबह ड्यूटी से लौटे बेटे ने मकान का ताला टूटा देखा, जिसके बाद चोरी का पता चला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवर और नगदी गायब थे।
बताया जा रहा है कि मकान गणेश पंडाल से महज 10 कदम की दूरी पर था। घटना के समय पंडाल में देर रात तक लोगों की मौजूदगी भी थी, इसके बावजूद चोर चोरी कर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
