खराब मौसम के चलते छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों मैच स्थगित, अब 30 अक्टूबर को होंगे मुकाबले

Follow Us

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब के प्रभाव से प्रदेश में बने खराब मौसम, तेज हवाओं और लगातार बारिश को देखते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के गुरुवार को होने वाले दोनों मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। खिलाडिय़ों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने मैचों को एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब दोनों मुकाबले शुक्रवार, 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहला मैच शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच होगा। वहीं, दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच खेला जाएगा। दोनों मैच सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे।

11 अंकों के साथ न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में अब तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। अंक तालिका में न्यायधानी नाइट्स 11 अंकों के साथ शीर्ष पर है। टीम ने तीन मुकाबले जीते और दो ड्रॉ खेले हैं, जिसके आधार पर उसने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

मैनपाट टाइटन्स चार मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। चक्रधर चैंपियन्स सात अंकों के साथ तीसरे, बैलाडीला बुल्स पांच अंकों के साथ चौथे और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चार अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। राजधानी रॉयल्स अपने पांचों मुकाबले हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे है।

26 वी राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता ( S.G.F.I )के लिए बलौदा बाजार भाटापारा जिले से 6 खिलाड़ी हुए चयनित

31 अक्टूबर को सेमीफाइनल,1 नवंबर को फाइनल
लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 1 नवंबर को आयोजित होगा। मौसम की स्थिति को देखते हुए फिलहाल स्थगित मैचों के लिए 30 अक्टूबर की नई तारीख निर्धारित की गई है।