कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट झोराघाट में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ घूमने पहुंचे 17 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान अलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो कटघोरा क्षेत्र का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि, वह अपने माता-पिता और परिजनों के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान वह नदी में नहाने उतरा, लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर बाद उसे पानी से बाहर निकाला जा सका।
गंभीर हालत में युवक को तत्काल कटघोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में इलाज व्यवस्था को लेकर परिजनों में नाराजगी भी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि, समय पर उचित सुविधा नहीं मिलने से कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। फिलहाल कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के शव को पीएम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
