रेलवे भर्ती घोटाले पर सीबीआई का बड़ा एक्शन: रायपुर-बिलासपुर डीआरएम ऑफिस में छापा, दो कर्मचारी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में खेल कोटे से हुई भर्ती में कथित गड़बड़ी को लेकर CBI ने बड़ा अभियान चलाया है। शनिवार को केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने रायपुर और बिलासपुर स्थित DRM कार्यालयों में एक साथ दबिश देकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक खेल कोटे से की गई नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी, दस्तावेजों में हेराफेरी और अयोग्य उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसी आधार पर CBI ने जांच तेज करते हुए छापेमारी की कार्रवाई की।

जांच एजेंसी ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग स्थित न्यू पुलिस लाइन इलाके में उनके घर से हिरासत में लिया, जबकि रामा लक्ष्मी को रायपुर DRM कार्यालय से पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि, तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज और बड़ी मात्रा में नकदी भी बरामद हुई है। हालांकि CBI की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि, यह मामला रेलवे भर्ती प्रक्रिया में बड़े नेटवर्क और भ्रष्टाचार से जुड़ा हो सकता है। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे तथा अन्य लोगों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।