सुकमा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के करीब 50 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया गया। इन गांवों में बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी निकाली और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया।
बताया गया कि इन इलाकों में पहले माओवादी प्रभाव के कारण स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराने की अनुमति नहीं थी। हाल के वर्षों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और सुरक्षा शिविर स्थापित होने के बाद इन दूरस्थ गांवों में राष्ट्रीय पर्व मनाने का सुरक्षित माहौल बना है।
इस वर्ष बस्तर संभाग के कुल 92 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया गया, जिनमें बीजापुर के 33, सुकमा के 50 और नारायणपुर के 9 गांव शामिल हैं। गांवों में तिरंगा फहरने से ग्रामीणों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
