भिलाई । छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में सोमवार तड़के पारख ज्वेलर्स के स्टोर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब 3:21 बजे की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग से दमकल वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। आग दुकान के भीतर काफी फैल चुकी थी, जिसे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार पारख ज्वेलर्स के संचालक गजानंद के स्टोर में आग लगने की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक दमकल वाहन के पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग नियंत्रित होने से आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। जवाहर मार्केट की गलियां काफी संकरी और व्यस्त हैं। इसके चलते दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में अग्निशमन कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास की दुकानों तक फैलने नहीं दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुकान में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है। आग लगने के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल सका है। छावनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
