कलेक्टर गौरव सिंह ने अधिकारियों को दिए निर्देश, नागरिकों से स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदने की अपील
रायपुर। दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीये और अन्य पारंपरिक सामग्री बेचने शहर पहुंचने वाले कुम्हारों को अब पसरा लगाने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कुम्हार परिवारों को सामग्री बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने कहा कि दीपावली के दौरान रायपुर जिले के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में कुम्हार परिवार अपने हाथों से तैयार मिट्टी के दीये और अन्य पारंपरिक सामग्री लेकर शहर पहुंचते हैं। दीपावली उनके लिए आजीविका का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में उन्हें शहर के विभिन्न स्थानों पर सुविधाजनक जगह उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी सामग्री बेच सकें।
भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में अलग-अलग स्थानों पर कुम्हारों के पसरा लगाने की समुचित व्यवस्था बनाई जाए और उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
कलेक्टर ने नागरिकों से भी अपील की कि वे इस दीपावली स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदें। उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीये हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। स्थानीय कारीगरों से खरीदारी करने से उनकी कला को संरक्षण मिलेगा और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
