दुर्गं। आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, स्पेशल बाइक टीम के 50 से अधिक जवान लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। सराफा बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आम स्क्वाड और आम्र्स गार्ड तैनात किए गए हैं। पूरी व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और राजपत्रित अधिकारी करेंगे।
त्योहारों के दौरान चोरी, लूटपाट, छिनतई और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इसके तहत क्षेत्रवार पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है। स्पेशल बाइक टीम शहर के प्रमुख बाजारों, कॉलोनियों, आवासीय क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
सराफा बाजार और प्रमुख मार्केट में विशेष निगरानी
त्योहारों के दौरान सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी का कारोबार बढऩे को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बाजार में आम स्क्वाड और आम्र्स गार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम
बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढऩे वाले यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं राजपत्रित अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। अधिकारियों द्वारा पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग और निगरानी की नियमित समीक्षा की जाएगी। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से सतर्क रहने, प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
