जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त कार्रवाई, पुजारीकांकेर के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा था विस्फोटक
बीजापुर। जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर के पहाड़ी और जंगल इलाके में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटक एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डंप बरामद किया गया है। जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 955 डेटोनेटर सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 204 कोबरा बटालियन की आसूचना शाखा से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों ने पुजारीकांकेर के दक्षिण-पूर्व दिशा में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री का पता चला। सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर विस्फोटक सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
दीपावली पर कुम्हारों को पसरा लगाने मिलेगी सुविधा, बिक्री के लिए निगम करेगा उचित व्यवस्था
बरामद सामग्री में 455 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर शामिल हैं। इसके अलावा दो मल्टीमीटर, दो रेडियो सेट बैटरी चार्जर कप, दो कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड (पीसीबी), मल्टी यूएसबी पोर्ट कार्ड रीडर, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप एडाप्टर, 12 वोल्ट एफएम/एएम पावर एंटीना, टेलीस्कोपिक एंटीना, डेटा केबल और करीब 8 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी जब्त किए गए हैं।
इसके साथ ही रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, स्नैप हुक और नक्सल साहित्य भी बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों ने बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री को थाना उसूर पुलिस के सुपुर्द कर विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
