किराए के मकान में छात्रा की मौत, सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग का जिक्र; जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चंद्रपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा प्रेमनगर की रहने वाली थी और पढ़ाई के सिलसिले में चंद्रपुर में किराए के मकान में रह रही थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने प्रेम संबंधों का जिक्र किया है। हालांकि, नोट में किसी व्यक्ति को उसकी मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।