नीरज चोपड़ा की राह पर आशीष यादव: वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 में भारत को दिलाया सिल्वर, रचा नया इतिहास

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय एथलेटिक्स के लिए वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। युवा जैवलिन थ्रोअर आशीष यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। आशीष का तीसरा प्रयास उनके लिए निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने 74.09 मीटर का थ्रो कर पदक की दौड़ में मजबूत जगह बनाई और आखिरकार रजत पदक अपने नाम किया। भारत के एक अन्य खिलाड़ी टी. धरणिधरन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और 72.35 मीटर के थ्रो के साथ छठा स्थान हासिल किया।

आशीष की इस उपलब्धि की तुलना स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा से भी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह इस प्रतियोगिता में पुरुषों का सिल्वर जीतने वाले भारत के दूसरे एथलीट बने हैं। नीरज ने 2016 में इसी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था और 86.48 मीटर का रिकॉर्ड बनाया था। मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के जीन-हेंड्रिक हेयमैन ने 80.50 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। आशीष का प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए उम्मीद बढ़ाने वाला है। युवा खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन से साफ है कि जैवलिन में भारत की अगली पीढ़ी तेजी से तैयार हो रही है।