भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने घरेलू विवाद के दौरान अपने ही नाबालिग बेटे को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि घायल किशोर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक मामला अशोका गार्डन पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एकता पुरी इलाके का है। आरोपी पिता की पहचान शांति स्वरूप चौरसिया के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि, परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और आए दिन झगड़े होते थे। रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि, आरोपी ने गुस्से में आकर 16 वर्षीय बेटे राज चौरसिया पर 315 बोर रायफल से फायर कर दिया। गोली लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रायफल और खोखा बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि, आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
