पुत्र वियोग में पिता ने खोया आपा: दुर्गा मंदिर में काट ली अपनी जीभ, अस्पताल में हालत नाजुक

Follow Us

रायगढ़। घरघोड़ा स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। एफसीआई गोदाम निवासी सनत कुमार खांडे ने भारी मानसिक तनाव और शोक की स्थिति में मंदिर परिसर के बाहर अपनी जीभ काट ली। इस आत्मघाती कदम के बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे एक गहरा दुख छिपा है। सनत कुमार के 8 वर्षीय मासूम बेटे रितेश की पिछले कल अचानक तबीयत खराब होने से मृत्यु हो गई थी। अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के बाद से ही पिता का मानसिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका था। परिजनों ने बताया कि वह रात भर अपने बेटे की याद में तड़पता रहा और गहरे सदमे में था। इसी मानसिक अस्थिरता के बीच आज तड़के करीब 3 बजे वह दुर्गा मंदिर पहुंचा और अपनी जीभ काट ली।

जीभ कटने के कारण शरीर से काफी ज्यादा खून बह गया, जिससे सनत मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। मंदिर में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे बचाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचित किया। देखते ही देखते मंदिर के बाहर स्थानीय लोगों और भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई। यह मार्मिक घटना सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है। एक पिता की असहनीय पीड़ा ने पूरे नगर को गमगीन कर दिया है। बेटे की मौत और उसके बाद पिता के इस कदम ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। फिलहाल पूरा क्षेत्र इस दुखद घटना से मर्माहत है और सनत के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।