गोवर्धन पूजा आज: 10 नवंबर को मनेगा अन्नकूट पर्व, जानें पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और 56 भोग का महत्व

Follow Us

रायपुर। दीपावली के बाद मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व इस साल 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा। आमतौर पर यह त्योहार दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है, लेकिन इस बार कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि दो दिन रहने के कारण लोगों में तारीख को लेकर असमंजस बना हुआ है। पंचांग के अनुसार, प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। प्रतिपदा तिथि में ही गोवर्धन पूजा और अन्नकूट मनाने का विधान है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है।

सनातन धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा के साथ गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसकी आराधना की जाती है। साथ ही गाय और अन्य पशुधन की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

गोवर्धन पूजा की विधि
ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुविद पंडित प्रियशरण त्रिपाठी के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद घर के आंगन या पूजा स्थल पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं। शुभ मुहूर्त में इसे फूल, रोली, अक्षत और दीपक से सजाएं। भगवान श्रीकृष्ण और अपने इष्ट देव का ध्यान करते हुए पूजा शुरू करें। इसके बाद धूप, दीप, चंदन, फल, मिठाई और घर में बने पकवानों का भोग लगाएं।

गोवर्धन पर्वत की सात बार करें परिक्रमा
गोवर्धन पूजा के दौरान पर्वत की सात बार परिक्रमा करने की परंपरा है। इस दौरान जल से भरा लोटा लेकर जौ बोते हुए परिक्रमा की जाती है। गोवर्धन पर्वत की आकृति के मध्य भाग में दीपक जलाकर दूध, दही, गंगाजल, शहद और बताशे अर्पित किए जाते हैं। पूजा के बाद प्रसाद श्रद्धालुओं में बांटा जाता है। इस दिन पशुधन की पूजा का भी विशेष महत्व है। गाय को तिलक लगाकर फूलों से सजाया जाता है और गुड़ खिलाया जाता है। मान्यता है कि इस पूजा से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं और परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहती है।

भगवान श्रीकृष्ण को क्यों चढ़ाया जाता है 56 भोग?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए लगातार सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाए रखा था। इस दौरान उन्होंने भोजन नहीं किया। मान्यता है कि माता यशोदा भगवान कृष्ण को दिन में आठ बार भोजन कराती थीं। सात दिनों तक आठ बार के हिसाब से 56 प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए। इसी कारण गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के अवसर पर श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा शुरू हुई।

गोवर्धन पूजा 2026 के शुभ मुहूर्त
० सुबह का मुहूर्त: सुबह 6:11 बजे से 8:26 बजे तक
० दोपहर का मुहूर्त: दोपहर 3:29 बजे से शाम 5:44 बजे तक (पंचांग के अनुसार)
० शाम का मुहूर्त: शाम 5:30 बजे से 5:56 बजे तक

गोवर्धन पूजा 2026: तिथि और समय
० प्रतिपदा तिथि प्रारंभ: 9 नवंबर 2026, दोपहर 12:31 बजे
० प्रतिपदा तिथि समाप्त: 10 नवंबर 2026, दोपहर 2:00 बजे

पर्व: 10 नवंबर 2026, मंगलवार
गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति, पशुधन और अन्न के महत्व को भी दर्शाता है। इस दिन अन्नकूट का प्रसाद तैयार कर भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया जाता है और श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है।