रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर एक महिला से दुष्कर्म और करीब 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और शारीरिक परेशानियां ठीक करने का झांसा दिया। इसके बाद पूजा के दौरान नशीला पदार्थ मिला पानी पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
झाड़-फूंक से इलाज का दिया भरोसा
पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय अविवाहित महिला ने 5 नवंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। घटनास्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला संबंधित थाने को सौंप दिया गया। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताने और झाड़-फूंक व दवाओं से बीमारियां ठीक करने का दावा करता था। महिला ने उसे अपनी शारीरिक परेशानी और शादी नहीं होने की समस्या बताई, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ से सभी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया।
नशीला पानी पिलाकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के अनुसार, 8 मार्च को आरोपी ने पूजा-पाठ के बहाने महिला को घरघोड़ा स्थित अपने मकान पर बुलाया। वहां उसकी महिला सहयोगी भी मौजूद थी, जिसने खुद को पूजा कराने वाली बताया। आरोप है कि पूजा के दौरान मुख्य आरोपी ने अभिमंत्रित जल बताकर महिला को नशीला पदार्थ मिला पानी पिला दिया। पानी पीने के बाद महिला अचेत हो गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। होश आने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने इसे इलाज की प्रक्रिया बताकर मामले को दबाने की कोशिश की।
पूजा और बिजनेस के नाम पर 6 लाख रुपये ठगे
आरोपियों ने शुरुआत में पूजा-पाठ के नाम पर महिला से 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद एक कंपनी में बिजनेस के जरिए काम दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 6 लाख रुपये और ठग लिए। पीड़िता के अनुसार, शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया।
मुख्य आरोपी और महिला सहयोगी गिरफ्तार
मामले की जांच के बाद घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्रकुमार जायसवाल निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़ और उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
