दिल्ली में थाने के सामने दो परिवारों में खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और चाकू; कई घायल, एक की हालत गंभीर

Follow Us

नई दिल्ली। दिवाली के बाद दिल्ली के द्वारका जिले में दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। डाबरी थाना क्षेत्र के बिंदापुर थाने के ठीक सामने दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, चाकू और पत्थर चले। सड़क पर काफी देर तक चले इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पैसों के विवाद में शुरू हुआ झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, विवाद नवाब और 65 वर्षीय ललित के परिवारों के बीच हुआ। ललित के परिजनों का आरोप है कि नवाब उनसे पैसे छीन रहा था। विरोध करने पर नवाब और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से ललित और उनके दो-तीन भाइयों की पिटाई कर दी। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर किया हमला
आरोप है कि शुरुआती मारपीट के बाद ललित के परिजनों और अन्य लोगों ने नवाब तथा उसके साथियों पर चाकू, डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। ललित के परिवार के दो से तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल गंभीर नहीं बताई जा रही है। वहीं, नवाब को कई चाकू लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

थाने के सामने हुई घटना, वीडियो आया सामने
इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरा विवाद बिंदापुर थाने के ठीक सामने हुआ। सड़क पर मारपीट और हथियारों से हमले का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। डाबरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने सामुदायिक विवाद से किया इनकार
दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग इस घटना को सामुदायिक विवाद का रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह दो परिवारों के बीच आपसी झगड़े का मामला है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वीडियो व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।