दिल्ली । कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा है कि 12 साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहने के बावजूद दोनों के बीच कभी कोई वास्तविक बातचीत नहीं हुई। सोनिया के मुताबिक, जब भी दोनों आमने-सामने आते हैं, तो पीएम मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपने संबंधों और भारत को लेकर दोनों की अलग-अलग विचारधारा पर भी खुलकर बात की है।हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस संस्मरण में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी, परिवार और राजनीतिक अनुभवों के साथ देश की मौजूदा राजनीति पर भी विचार रखे हैं।
संसद में होती है सिर्फ औपचारिक मुलाकात
सोनिया गांधी ने लिखा है कि संसद के हर सत्र के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनके बीच केवल औपचारिक अभिवादन होता है। उनका दावा है कि पहले नेताओं के बीच आपसी शिष्टाचार और सौहार्द देखने को मिलता था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। सोनिया के अनुसार, प्रधानमंत्री आमने-सामने आने पर नजरें फेर लेते हैं।
अस्पताल से लौटने पर पूछते हैं हालचाल
किताब में सोनिया ने उन मौकों का भी जिक्र किया है, जब अस्पताल से इलाज कराकर लौटने पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका हालचाल पूछा था। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने उनसे पूछा था, ‘ठीक हैं आप?’ इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया।’ सोनिया के मुताबिक, इस छोटी बातचीत के अलावा दोनों के बीच कभी कोई वास्तविक संवाद नहीं हुआ। हालांकि, जन्मदिन और नए साल पर औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान होता रहा है।
भारत को लेकर दोनों की विचारधारा अलग
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी और उनकी भारत को लेकर सोच अलग-अलग है। उनके अनुसार, उनका भारत का विचार विविधता, समानता, स्वतंत्रता और सभी धर्मों के सम्मान पर आधारित है। वहीं, उन्होंने पीएम मोदी की विचारधारा को आरएसएस के विचारों और उनके व्यक्तिगत अनुभवों से प्रभावित बताया है। सोनिया ने समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित भारत की वकालत की है।
पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा पर भी लिखा
सोनिया ने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा को अपने सफर से बिल्कुल अलग बताया है। उन्होंने दिल्ली के राजनीतिक और सामाजिक दायरों का जिक्र करते हुए लिखा कि वहां होने वाली कई चर्चाएं आम लोगों की वास्तविक समस्याओं से दूर होती हैं। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र और देश के अलग-अलग हिस्सों में यात्राओं के दौरान देखे गए आम लोगों के संघर्षों का भी उल्लेख किया है।
संसद में पीएम मोदी के भाषणों पर टिप्पणी
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के संसद में दिए जाने वाले भाषणों पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी कई बार संसद में चुनावी रैलियों जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और विपक्ष पर तीखे हमले करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा और उसके वैचारिक परिवार पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के नारे पर भी उठाए सवाल
सोनिया गांधी ने भाजपा के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के नारे का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे कांग्रेस पार्टी, उसकी नीतियों और विचारधारा को समाप्त करने के उद्देश्य से जोड़कर देखा है। उनके मुताबिक, भाजपा और आरएसएस की विचारधारा का प्रभाव देश की राजनीति में दिखाई देता है।
किताब में निजी जीवन और अनुभवों को दी जगह
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक को व्यक्तिगत संस्मरण बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राजनीति इस किताब का मुख्य विषय नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन की पृष्ठभूमि का हिस्सा है। पुस्तक में उन्होंने अपने परिवार, जीवन के अनुभवों, धार्मिक समझ, महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत और भारतीय समाज से जुड़े विचारों को भी साझा किया है।
