जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय रावेंद्र मरावी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम दिलहरण मरावी बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रावेंद्र शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद और मारपीट करता था। बेटे के लगातार इस व्यवहार से पिता परेशान था।बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दिलहरण ने टंगिया से रावेंद्र पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण रावेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद थाने पहुंचा आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दिलहरण मरावी खुद मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ग्राम डिघोरा पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
