जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोराडोल में घर की बिजली सुधारने के दौरान एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय पुरुषोत्तम सिदार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घर की बिजली खराब होने पर पुरुषोत्तम सिदार घर के पास लगे ट्रांसफार्मर के समीप बिजली लाइन ठीक करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना शक्तिशाली था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण बिजली का करंट लगना सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
