दुर्ग। अपराधों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने बुधवार तड़के दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न बस्तियों में घर-घर जाकर लोगों से पूछताछ की गई और उनके रिकॉर्ड की जांच की गई। खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती से दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील किए गए।
पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, संदिग्ध वस्तुओं और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करना था। साथ ही पूर्व अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। कार्रवाई तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में हुई। रायपुर नाका की उड़िया बस्ती और पद्मनाभपुर में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग भारती मरकाम, सुपेला के अटल आवास क्षेत्र में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक तथा खुर्सीपार की अटल आवास देवार बस्ती में उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन ने टीमों का नेतृत्व किया।
अभियान में दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी क्षेत्र के विभिन्न थानों एवं चौकियों के प्रभारी, पुलिस बल, एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग के लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य फरार वारंटियों को पकड़ना, संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को दें।
