दिनदहाड़े बड़ी वारदात: ज्वेलरी संचालक का 1 करोड़ के गहनों से भरा बैग चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी

Follow Us

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक अज्ञात बदमाश ज्वेलरी शॉप संचालक का करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे।

उन्होंने अपनी स्कूटी के पास जेवरात से भरा बैग रखा था। इसी दौरान मौका पाकर एक युवक वहां पहुंचा और बैग उठाकर फरार हो गया। ज्वेलरी दुकान सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग (NH-43) पर स्थित है। व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।